पन्नीयाँ.....

Author: दिलीप /

ये धन भी चंद्र खिलौने सा बस घटता बढ़ता रहता है...
पर जब भी पूनम होती है मन और मचलने लगता है...
इस बार भी अंतर्मन मे इक, था नाव इच्छा का दीप जला...
कुछ सूती, ऊनी धागों के लालच मे मैं बाज़ार चला...

थी इक दुकान तो ऊँची सी, पर मीठे थे पकवान सभी...
पर वस्त्र लालसा पैसे के, नीचे थी अब भी दबी दबी...
मैने भी मन को समझाया, और थोड़ा सा सामान लिया...
फिर इक काग़ज़ के थैले मे, उसने था उनको बाँध दिया...

काग़ज़ का जब थैला देखा, था कमल अधर का खिल आया...
मानव के मन मे कैसे ये, है प्रकृति प्रेम का भाव आया...
यही सोचते मन ही मन, कुछ आगे ही बढ़ पाया था...
मैं चौराहे के नुक्कड़ पे बस आधा ही मुड़ पाया था...

ये दौड़ भाग का हिस्सा मन, कुछ पल को एकदम ठिठक गया...
सुन एक शिशु का रुदन हृदय, बस उसी ओर हो मग्न चला...
एक कुम्हलाया सा नन्हा मन, ममता को बैठा तरस रहा...
उसकी मन नभ से बचपन का मौलिक पानी था बरस रहा...

उन बालों मे थी धूल जमी, हान्थो मे थोड़े कंकड़ थे...
तन देख लगा उस जीवन की ऋतुओं मे केवल पतझड़ थे...
फिर दोनो हान्थ उठा कर वो, धीरे से उठ, कुछ दूर गया...
फिर थाम एक आँचल मैला, थोड़ा सा खुश मजबूर हुआ...

ममता थोड़ी सी झुकी हुई, कूड़े मे थी कुछ ढूँढ रही...
काँधे पे एक बोरा था वो, थी उसमे कुछ कुछ ठूंस रही...
देखा कुछ आगे धरती पे, कुछ हवा से हिलता चमक रहा...
फिर उसे देख उस ममता का, मुरझाया चेहरा दमक उठा...

उसने झुक उसको उठा लिया, और बोरे मे था डाल लिया...
अब पीछे आ उस नन्हे के हान्थो को फिर था थाम लिया...
बस इसी तरह वो बढ़ बढ़ के उस चमक का पीछा करती थी...
वो चमक, भूख की थैली को, कुछ उम्मीदों से भरती थी...

वो मेरे अधरों के खिलने की घटना कितनी छोटी थी...
ये पड़ी पन्नीयाँ सड़कों की, कुछ मजबूरों की रोटी थी...
इन्ही पन्नियोन मे बिखरी कुछ उम्मीदें वो जोड़ रही...
जीवन के मेरे शीशे को , खुद पत्थर बन थी तोड़ रही...

फिर देखा थैला काग़ज़ का, आँखों के बदल घिर आए...
उस थैले मे उस बचपन की चीखों के चित्र नज़र आए...
मैं क्या जानूँ इस बचपन पे, क्या गुज़री है, क्या बीता है...
कोई पन्नी को रोक रहा, कोई पन्नी पे जीता है....

पगली…

Author: दिलीप /


कभी एक ख्वाब मे ये सब देखा था....फिर उसे एक कहानी के रूप मे गढ़ा...एक बार फिर से कविता का रूप दिया है...आपको कहानी का रूपांतरण है इसलिए थोड़ी बड़ी है....पर आपको पसंद आएगी...उम्मीद है मेरी तरह ये किस्सा आपको भी झकझोरे.....

चौराहे के बीच मे बरसों से खड़ा जंग लगा लैंपपोस्ट हूँ मैं,
अंधेरे से लड़ते लड़ते जो हार चुका उजाले का वो दोस्त हूँ मैं,
यूँ तो कहने को बहुत सी अनकही अनसुनी कहानियाँ मेरे पास है,
पर उनमे से एक कहानी मेरे अंतर्मन के लिए अब भी बहुत ख़ास है,

लोगों ने तो वक़्त के साथ उसे धीरे धीरे याद बना भुला दिया,
पर उसने अंजाने मे ही सही, पर मानवता के अस्तित्व को हिला दिया,
इस कहानी की नायिका की जवानी, भूख और ग़रीबी ने ठग ली थी,
वो बिखरे बाल वा फटे चीथड़ो में, समाज से लड़ती एक पगली थी,

वो कभी मेरे नीचे ही बैठती थी, उठती थी, सोया करती थी,
कभी आते जाते लोगों पे चिल्लाती, कभी खुद से बोला करती थी,
वहशी निगाहें अक्सर उसके अधखुले चीथड़ो को घूरा करती थी,
उसे कुछ देने के बहाने उसे नज़रों से ही छू लिया करती थी,

पर वो तो पगली थी, वो तो बस अपनी ही दुनिया मे खोई रहती थी,
कुछ मिला तो खाया, नही तो कीचड़ से काम चला लिया करती थी,
कुछ ऐसे भी लोग थे जो इंसानियत का मर्म अब भी समझते थे,
उसकी हालत पे तरस खाकर कभी उसकी मदद कर दिया करते थे,

कभी पोलीस के डंडे तो कभी लोगों से गालियाँ भी खाई थी,
कभी खुद की बदहवासी पर उसने लोगों की तालियाँ भी पाई थी,
परेशानी मे भी बस हँसती थी, खुशी मे भी वो खिलखिलती थी,
इसी हसी के सहारे हर मौसम वो उन्ही चीथड़ो मे सह जाती थी,

एक दिन वो खुद मे खोई, पता नही शायद कुछ गुनगुना रही थी,
अपनी उंगलियों से ज़मीन पर, जाने कौन सी तस्वीर बना रही थी,
तभी अचानक कोई आवाज़ उसे ख़यालो की दुनिया से खीच लाई,
उठ आगे बढ़ी, तो सामने इंसान की मजबूरी की एक तस्वीर आई,

कूड़े के एक ढेर मे काग़ज़ों मे लिपटा एक बच्चा रो रहा था,
अपनी बाहें उपर उठाए शायद माँ की गोद को तरस रहा था,
वो अपनी पलकें मून्दे भूख से तड़प कर बस बिलख रहा था,
धीरे धीरे उस पगली के मन मे अपने नन्हें पैर रख रहा था,

वो पगली उसकी बाहों की प्यास बुझा, उसे गोद मे ले झूमने लगी,
बार बार कभी उसके माथे कभी गालों को जी भर चूमने लगी,
एक पगली क्या जाने माँ क्या होती है,पर ममता का सागर उमड़ पड़ा,
ममता मन की हालत की मोहताज नही होती,उसे देख मैं समझ गया,

लगा कि जैसे सारा प्यार उस बच्चे के लिए ही बचा रखा था,
वो अब उसका एक प्यारा सा खिलौना बन उसकी गोद मे सज चुका था,
जिसकी आँखों मे कभी आँसू नही थे,अब वो उसके रोने पे रोती थी,
उसे सीने से चिपकाए इधर उधर फिरती फिर मेरे नीचे सोती थी,

कीचड़ मिट्टी वो सब कुछ जो खुद खाती थी उसे भी खिला देती थी,
फिर प्यार से उसे झुलाते झुलाते धीरे से बगल मे सुला लेती थी,
उसके चीथड़ो के छोटे से हिस्से पर अब उसका भी अधिकार था,
उस के लिए वो अब सब कुछ था, उसके लिए दिल मे बहुत प्यार था,

अब कहानी का वो मोड़ है जिसे सोच मेरी आँखें अब भी भर आती है,
एक दिन  किसी ने पूछ लिया की इस बच्चे को वो किस नाम से बुलाती है,
ऐसा सवाल था ये जिसे सुन वो पगली अचानक ख़यालों मे खो गयी,
फिर  बस उसके नाम के बारे मे सोचते सोचते चुपचाप सो गयी,

वो नाम शब्द शायद अब उसके दिलो दिमाग़ पर ही चढ़ चुका था,
रात करवटों मे निकल गयी, मुँह से बस नाम नाम निकल रहा था,
सुबह से ही उसकी साँसे तेज, माथे की शिकन बढ़ती जा रही थी,
वो निगाहें, पागल मन हर तरफ एक नाम ही तलाशती जा रही थी,

उधर समाज मे भी उसके मन जैसा घनघोर युद्ध शुरू हो गया,
हैवान नींद से जाग गया, इंसान कहीं दूर दुबक कर सो गया,
अमन, चैन, भाईचारा सब तस्वीर से धूल की तरह हट गया था,
इंसान फिर आज अचानक हिंदू मे और मुसलमान मे बँट गया था,

इधर शैतान मुँह खोल खड़ा था, उधर उस पगली का मुँह बंद था,
पर उसके मन मे अब भी नाम को लेकर चल रहा भारी द्वंद था,
शैतान अपने अलग अलग रूपों मे चौराहे की तरफ बढ़ रहा था,
सब शांत था बस इक शोर था जो उस पगली के मन मे पल रहा था,

जाने वो कौन सी घड़ी थी, मुझ पर एक आसमान टूट पड़ा था,
अचानक शैतान का एक रूप नंगी तलवार लिए सामने खड़ा था,
वो भी अंजाना ही था ना जाने उसे सूझा भी तो क्या सूझा,
उस वहशी पागल ने उस पगली से पूछा भी तो बस नाम ही पूछा,

पर वो तो खुद नाम को लेकर मान मे हो रहे युध मे हार रही थी,
बस एकटक कभी उस शैतान को कभी उसकी तलवार निहार रही थी,
हैवानियत इंसानियत से अपनी बरसो की जंग जीतने ही वाली थी,
वो तलवार उस अंजानी पगली माँ की ममता बस चीरने ही वाली थी,

पर आज शायद शैतान ने ही इक दूसरे शैतान को हरा दिया था,
त्रिशूलों की टंकार ने उसे तलवार वही पर छोड़ भगा दिया था,
पर शैतान का एक सवाल उस पगली के मान मे अब भी गूँज रहा था,
क्या तुम हिंदू हो? इस सवाल से पगली को शायद नाम मिल गया था,

वो युद्ध शायद थम चुका था जो उसके अंतर्मन मे चल रहा था,
उस पगली की ज़ुबान से अब बस हिंदू हिंदू नाम ही निकल रहा था,
वो खुश थी, मैं समझ गया नाम मिल जाने का ये गुमान है,
पर तभी त्रिशूलों की टोली ने पूछ लिया क्या वो मुसलमान है,

उन्होने उसकी ज़बान पे चढ़ा शब्द सुना और वो आगे चले गये,
पर जाते जाते उसकी ख़त्म जंग की राख मे चिंगारी देते गये,
पगली क्या समझती पागल वहशी धर्म के ठेकेदारों की भाषा,
वो फिर उसे वापस उसी अंतर्द्वंद मे छोड़ गये,तोड़ उसकी आशा,

वो पगली का पागल मन जिसमे पहले गूँज रहा बस नाम नाम था,
अब नाम की जगह उसके मन मे हिंदू था, तो कभी मुसलमान था,
अब वो उस बच्चे को गोद मे उपर उठा ज़ोर ज़ोर से झुला रही थी,
वो होंठों से कभी उसे हिंदू तो कभी मुसलमान बुला रही थी,

पर मान उसका अभी भी बस एक नाम के लिए ही जंग कर रहा था,
उस ठंड भरी रात मे भी, उसके बदन से पसीना निकल रहा था,
उसकी उंगलियाँ अब बच्चे के नन्हें बाजुओं पे ज़ोर से कस रही थी,
बच्चा दर्द से चीख रहा था, वो मन के दर्द से तड़प रही थी,

वो ये झंझावात सह ना सकी और वो ज्वालामुखी फूट ही पड़ा,
और उससे निकलता लावा बस कुछ चंद पलों मे ही सिमट गया,
ये वो पल था जब वो दुश्मन तलवार बन चुकी उसकी सहेली थी,
आँखों मे अंगारे, और होठों पे हिंदू मुसलमान की पहेली थी,

फिर इस धर्म पर होती पागल जंग को एक पागल मन ही जीत गया,
उस तलवार ने उस पगली की भोली ममता को टुकड़े टुकड़े कर दिया,
वो प्यासी तलवार अब उस अबोध के जिस्म पे लगातार चल रही थी,
पगली एक वार पे उसे हिंदू तो दूसरे पे मुसलमान कह रही थी,

अब बचा रो नही रहा था, चुप था, पर कई टुकड़ों मे पड़ा था,
उसका कोई हिस्सा मेरी गोद मे तो कोई दूर जाके सड़कों पे पड़ा था,
अब वो पगली हर टुकड़े से वो धर्म का सवाल पूछ थक चुकी थी,
एक एक टुकड़े को प्यार से समेट फिर से मेरी ही गोद मे सो चुकी थी,

सुबह उठी तो दिल के टुकड़े के टुकड़ों को, गोद मे छुपा हँसती रही,
कई दिनों तक बस ऐसे ही, कभी हिंदू कभी मुसलमान कहती रही,
लोग समझते रहे शायद बच्चा दंगों की भेंट चढ़ गया होगा,
सच ही था,पगली का क्या दोष, उस जंग से उसका मान थक गया होगा,

धीरे धीरे उसकी ज़िंदगी इसी नाम की कशमकश मे यूँ खो गयी,
कि कई दिनों से भूखी पयासी मेरी गोद मे सदा के लिए सो गयी,
उसकी खुली पथराई बुझी आँखों मे अब भी एक ही सवाल था,
मेरे उस प्यारे से खिलौने का नाम हिंदू था या मुसलमान था......

चवन्नीयाँ.... ऐसे भिखारी तो रोज़ मरा करते है....

Author: दिलीप /



घर से आगे कुछ दूर वाले फूटपाथ की मिट्टी से खेलती,
आते जाते राहगीरों को आस भारी निगाहों से घूरती,
कभी कभी मेरी यादों के बिछौने पर करवटें लेती है,
वो एक परच्छाई मेरी आँखों के किसी कोने मे अब भी छिपी है,

उसको सोते भी देखा था मैने हंसते, रोते भी देखा था,
कभी गिरते उठते गाड़ियों के पीछे दौड़ते भी देखा था,
वो एक भिखारी था, जो अपने घर फूटपाथ पर ही रहता था,
सर्दी गर्मी बरसात सब अपनी मजबूर आँखों से सहता था,

तब मैं छोटा था,वो भी बचपन के कंबल मे लिपटा था,
वो तब भी वहीं पर था, जब मैं माँ की गोद मे सिमटा था,
जब मैं पिताजी के स्कूटर पर पीछे बैठ स्कूल जाता था,
वो हाथ फैलाकर मजबूरी बयान करने वहाँ चला आता था,

पिताजी के हाथ छुट्टो की तलाश मे जब जेब मे जाते थे,
तो जैसे वो उसके अंदर छिपी मुस्कुराहट को छू आते थे,
हाथ खाली निकालने पे आँखों मे मायूसी की झलक होती थी,
एक चवन्नि भी जब मिल जाए तो एक भोली सी चमक होती थी,

तब मेरी जेब मे, बैग मे मिलकर जीतने सिक्के हुआ करते थे,
उससे भी ज़्यादा उसके सीने की पसलियों के मंज़र दिखते थे,
उसकी मुस्कुराहट पे अनायास ही मेरे भी होंठ खिल जाते थे,
फिर उसके पैर  धीरे से उसी फूटपाथ की ओर चले जाते थे,

मैने उसे जून की धूप मे नंगे पाँव चलते भी देखा था,
और दिसम्बर की सर्द रातों मे सिकुड ठिठुरते भी देखा था,
हमेशा उसकी आँखें मुरझाई, भूख से थकी हुई दिखती थी,
बदन पर मैल,होठों पे सूखेपन की लड़ी सजी हुई दिखती थी,

कई बार उसे मैने अपनी कमीजों को भी पहने देखा था,
चवन्नीयों की चाह मे उन्ही से गाड़ियाँ साफ करते देखा था,
वक़्त अपनी रफ़्तार से आगे बढ़ा पर ये सब कही थमता गया,
अचानक एक दिन वो सब कुछ छोड़ कर जाने कहाँ चला गया,

मैने यही सुना की वो किसी और फूटपाथ को अपना चुका था,
पर मेरा मन तो वही उसी फूटपाथ की मिट्टी मे ही रुका था,
एक दिन एक दोस्त ने कहा, उसने किसी सड़क पर उसे लेटा देखा,
आँखों को बंद, सूखे होंठ, हाथों को खुद मे सिमटे देखा,

राहगीर वहाँ से गुज़र रहे थे, पर वो दौड़ नही रहा था,
अपनी चवन्नीयों की चाहत छोड़ वो हिल भी नही रहा था,
मेरा बालमन मान नही पा रहा था को वो अब मर चुका था,
अपने बचपन मे ही जवानी बुढ़ापा दोनो पार कर चुका था,

मेरे आँखों के समंदर की लहरें किनारों को तोड़ रही थी,
याद है उस रात मेरी आँखें पल भर सो भी ना सकी थी,
फिर जब उस गली से गुज़रता था, सब कुछ वैसा नही था,
ज़िंदगी तो दौड़ रही थी, पर शायद कुछ वही ठहरा हुआ था,

एक वक़्त तक वहाँ से गुजरने पर आँसू उमड़ आया करते थे,
पुरानी धुंधली यादों की गर्द उस पानी से धोया करते थे,
पर अब वक़्त बदल गया है, अब वो चवन्नीयाँ भी नही चलती,
किसी गैर के होंठों की मुस्कुराहटें अब एहमियत नही रखती,
आज भी कभी कभी अपनी गाड़ी से उस गली से होके गुज़रते है,
अब समझदार हैं, जानते हैं, ऐसे भिखारी तो रोज़ मरा करते है....
ऐसे भिखारी तो रोज़ मरा करते है....

बिस्कुट......

Author: दिलीप /

कल रोज़ की तरह घर जाने , दफ़्तर से मैं चला था...
बस के इंतेज़ार मे मैं वहीं चौराहे पे ही खड़ा था...
मेरे चेहरे पे सबकी तरह इंसान का मुखौटा था...
हैवान मेरे जिस्म के खोल मे छिपा हुआ बैठा था...

पीछे ही फटे हुए चीथड़ो मे बैठी हुई थी इक माँ...
उसका कंधा थामे, बिलख रहा था इक बचपन वहाँ...
शाम होने को थी, मौसम थोड़ा थोड़ा सर्द हो रहा था...
और बच्चे की चीखों से मेरे सर मे दर्द हो रहा था...

मुड़ के देखा तो उस माँ ने अपना आँचल खंगाला...
कोने की गाँठ मे बँधा, एक गोल सा बिस्कुट निकाला...
बिस्कुट देख, मासूम की सूखी नज़रें खिल गयी थी...
फिर बच्चा चुप हुआ तो मुझे भी शांति मिल गयी थी...

अचानक मेरे कानों का सुकून फिर से खोने लगा...
अब तो वो बच्चा पैर पटक पटक के रोने लगा...
देखा तो उसके मन का खिलौना उससे बिछड़ गया था...
वो बिस्कुट फिसल वहीं किनारे, नाली मे गिर गया था...

अब हम दोनो ने ही उस माँ की ओर बड़ी आस से देखा...
उसने भी अपने उस फटे आँचल को झाड़ झाड़ के देखा...
पर इस बार उस आँचल मे न गाँठ थी, न बिस्कुट...
बचपन की गीली आँखों से, ममता का दिल गया घुट...

फिर सोचा शायद कोई इंसान, इधर से गुज़रा होगा...
जिसने दया कर ग़रीब की झोली मे बिस्कुट दिया होगा...
बचपन मासूमियत से तुतला के बस बिस्कुट माँग रहा था...
कभी उस नाली, तो कभी माँ की ओर भाग रहा था...

फिर सोचा क्यूँ ना अपने शैतान को थोड़ा छुपा लूँ...
इस ग़रीब को कुछ दे, थोड़ा सा पुण्य ही कमा लूँ...
पास मे ही एक बिस्कुट की दुकान देख मुड़ा ही था...
मन कई दिन बाद इंसान के जज्बातों से जुड़ा ही था...

तभी मन थोड़ा सा झिझका और वहीं ठिठक गया...
"घर चलो और बना दूँगी" जब उस माँ ने ये कहा...
अपनी सोच पे तब मुझे मन ही मन हँसी आ गयी...
सोचने लगा अपनी ही अकल आज मुझे मुँह चिढ़ा गयी...

तभी उस बच्चे ने नाली से बिस्कुट निकाल ही लिया...
उसके हांतो पे रखे बिस्कुट ने मेरा मन हिला दिया...
वो बिस्कुट ग़रीब की मजबूरी के गीत का मुखड़ा था...
वो बिस्कुट, बिस्कुट नहीं बस मिट्टी का इक गोल टुकड़ा था...

कई परतों मे दबा इंसान आज आँखों से छलक पड़ा...
उस माँ की मजबूरी का इक हिस्सा भी ढ्लक गया...
फिर बस आई, भीड़ के धक्के मे मैं उस पर चढ़ गया...
पर मन तो कुछ पल के लिए बस वहीं था गड़ गया...

जब घर पहुँचा तो वो याद कुछ धुँधला गयी थी...
बहुत थक गया था मैं, अब भूख भी सता रही थी...
मैं चाय बना ही रहा था की सारी इच्छा मर गयी...
जब बगल मे डिब्बे मे पड़े बिस्कुटो पे नज़र गयी...

वो बिस्कुट एक माँ की मजबूरी की कहानी कह रहे थे...
रोकने की कोशिश की, पर आँसू थे कि बस बह रहे थे....
पर आँसू थे कि बस बह रहे थे....

मैं तेरा कायर बेटा हूँ...

Author: दिलीप /

Edit EntryEdit TagsAdd to Memories
http://blogs.ad.infosys.com/userpic/14313/39367
तेरे आँचल मे आग लगी, माथे से रक्त टपकता है...
तेरा करने को चीर हरण दुस्शासन नित्य लपकता है...
छलनी करने सीना तेरा जयचंद हज़ारों लगे हुए...
तू टूट बिखर है बिलख रही अंजाने सारे सगे हुए...

पर मैं डर के छिप के अपने इस स्वप्न महल मे लेटा हूँ...
मत करना मुझसे आस कोई, मैं तेरा कायर बेटा हूँ...

तेरी अकुलाई आँखों के निषदिन बहते इस जल से क्या...
जो बीत गया सो बीत गया और आने वाले कल से क्या...
जो त्याग स्वयं को दूँ तुझ हित, क्या मेरा पेट भरेगी तू...
इन परिवारों का बोझ कभी क्या मेरे बाद सहेगी तू...

तू अभी मुझे आश्वस्त करे मैं यहीं प्राण तज देता हूँ...
मत करना मुझसे आस कोई, मैं तेरा कायर बेटा हूँ...

वो होंगे देव समान कोई जो तुझ पर जान छिड़कते है...
मेरे बच्चे अब भी मेरी छाती से चिपक सिसकते है...
मैं मानव हूँ भगवान नहीं जो कर लूँ वश मे इस मन को...
मैं अब भी हूँ बस तरस रहा सर पे छत को इक आँगन को...

मुश्किल से जीवन की नौका, तूफ़ानों मे भी खेता हूँ...
मत करना मुझसे आस कोई, मैं तेरा कायर बेटा हूँ...

हैं तृप्त उदार जिस जनता के, क्या वो करती है याद तुझे...
उनमे मार जाने का तुझ पर, क्या दिखता है उन्माद तुझे...
कुछ शयन कक्ष मे पड़े कहीं कुछ मधुशाला की ओर चले...
दो गिनती उन चरणों की माँ, जो दृढ़ हो तेरी ओर चले...

जो बाँट किसी को राज करूँ, ना कोई ऐसा नेता हूँ...
मत करना मुझसे आस कोई, मैं तेरा कायर बेटा हूँ...

"इस सौ करोड़ की जनता में जब मेरा कोई बचा नहीं...
हिंदू मुस्लिम तो बने सभी मानव अब कोई बचा नही..
जब मेरा हिस्सा जलता है मेरे ही घी छिड़काते हैं...
पश्चिम पश्चिम करते करते सब मुझको भूले जाते हैं...

मैं धन्य हुई की कोई तो मुझको आश्वासन देता है...
कायर की कोई बात नहीं, कहता तो खुद को बेटा है"...