मचलता था बचपन मे जिनके लिए मैं,
वो सब आज अपने लिए पा रहा हूँ,
मैं अब छोड़कर सारे वादे इरादे,
बिना शर्त कोई जिए जा रहा हूँ,
न जाने इन आँखों मे फिर क्यूँ नमी है,
माँ शायद मुझे अब तुम्हारी कमी है,
वो मिट्टी के बर्तन वो गुड्डे वो गुड़िया,
वो बचपन के जो खेल तुमने सिखाए,
कहीं खो गये सब वो यादों मे छिपकर,
जवानी मे जब पैर हमने बढ़ाए,
मैं बढ़ आया फिर भी वो यादें थमी है,
माँ शायद मुझे अब तुम्हारी कमी है,
वो सब जख्म मेरे, वो मरहम तुम्हारा,
वो गम मे मेरे नम थी आँखें तुम्हारी,
वो राहें थी मुश्किल, मगर बस चले हम,
वो सर को उठा थामे उंगली तुम्हारी,
उन्ही राहों पे अब भी आँखें जमी है,
माँ शायद मुझे अब तुम्हारी कमी है,
वो तस्वीर धुंधली सी अब भी बची है,
वो पल भर बिछड़ना, वो मेरा बिलखना,
वो आँचल मे छुप छुप के तुझको सताना,
वो गोदी मे सोना, वो घुटनो सरकना,
तेरी प्यारी सूरत मे नीयत रमी है,
माँ शायद मुझे अब तुम्हारी कमी है,
वो यादें सुनहरी ना मिटने दो फिर तुम,
मुझे फिर से आवाज़ देकर बुला लो,
तुम्हारे बिना लड़ सकूँगा ना जग से,
मुझे अपने आँचल मे इक पल सुला लो,
वो लोरी तुम्हारी बहुत लाज़मी है,
माँ शायद नहीं, बस तुम्हारी कमी है...




