यह कविता 'प्यासा' फिल्म के गीत 'जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ हैं ' से प्रेरित है...उम्मीद है आपको पसंद आए....
ये टुकड़ों मे घर की कहानी के किस्से...
ये बिकते दुकानों मे ईमान के हिस्से...
यूँ खूं मे बड़ा फ़र्क होता यहाँ है...
ये हिंदू यहाँ हैं तो मुस्लिम वहाँ हैं...
क्यूँ चिंगारियों मे मेरा घर जला है...
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ हैं....
ये काजी भी पंडित भी खंजर लिए हैं...
यूँ इन्सा की धरती को बंजर किए हैं...
मोहब्बत की हरदम सुनी जो कहानी....
वो बचपन मरा, मर चुकी है वो नानी...
ये दामन उम्मीदों का कट फट चुका है...
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ हैं....
ये बीमार बैलों की गाड़ी रुकी सी...
ये नभ के खजानों की थैली चुकी सी...
ये धरती के बेटों की गीली निगाहें...
उठाए ज़मीन अपनी सूखी सी बाहें...
वो मजबूर अब खो गया आसमाँ में...
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ है...
ये सड़कों पे घुट घुट गुज़रती सी रातें...
ग़रीबी के गलियों मे खुलते हैं खाते...
ये नुक्कड़ पे लुटती हुई कोई इज़्ज़त...
ये सजती हुई भूख से कोई मैय्यत...
न कंबल मिला, न कफ़न ही मिला है....
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ हैं...
ये नफ़रत ज़हेर को उगलती ज़बानें...
ये हिन्दी, मराठी पे कटती ज़बानें...
ये दहशत के रंगों से सड़कें सजी जो ...
वो सरहद पे कल रात गोली चली जो...
ये धरती लुटी, आसमाँ भी फटा है....
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ है...
सपोले यूँ कुर्सी से चिपके हुए हैं...
वो ठंडे मकानों मे दुबके हुए हैं...
अमीरों की गलियों मे सूरज खिला है...
ग़रीबों को बस ये अंधेरा मिला है...
सिसकती फटे हाल हो, अपनी माँ है....
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ है....
मुहाफ़िज़ बने हिंद के उनको लाओ...
ये तस्वीर जलती उन्हे भी दिखाओ...
जलाना ही है आज पूरा जलाओ...
हस्ती खुदी की खुदी अब मिटाओ...
भटकते भटकते बहुत थक चुका है...
जिन्हे नाज़ है हिंद पर वो कहाँ है...





